सांबा के कटली में पानी लेने जाती महिलाएं।
सांबा। जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। इससे कटली गांव में छठे दिन भी पानी नहीं आया। ग्रामीण लोगों के बोर से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
इससे कटली के लोगों में प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है। स्थानीय महिला राधा रानी, अनुराधा रानी, जोती देवी, स्वर्ण सिंह काटल ने कहा कि आज छठे दिन भी उन्हें पानी की आपूर्ति नहीं की गई है। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। वे दूर दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन को अवगत करवाने के बाद भी उन्हें पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले से ही पता था कि अस्थायी कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं। विभाग को पहले से ही प्रबंध करने चाहिए थे। उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। मुख्य बस अड्डे के आसपास के मोहल्लों में बुधवार को चार दिन बाद भी पानी नहीं मिला। स्थानीय निवासी नीलम सिंह ने कहा कि वह निजी टैंकर के लिए तीन हजार लीटर पानी के 700 रुपये दे रहे हैं। ऐसे ही अन्य लोग भी पानी खरीद रहे हैं। कस्बे के चक मंगा क्षेत्र के कुछ मोहल्ले भी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।