उपायुक्त ने बिजली विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को दिए समाधान करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पावर स्टेशन में बारिश का पानी घुसने से छह घंटे बिजली प्रभावित रही। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली की समस्या को लेकर लोगों ने उपायुक्त से संपर्क किया। इसके बाद उपायुक्त ने बिजली विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को तुरंत समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय निवासी राज कुमार, बलवंत राज, रघुवीर व दिनेश ने बताया कि तड़के चार बजे से गुल बिजली सुबह साढ़े 11 बजे बहाल हुई। लोगों ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी पावर स्टेशन में पानी घुस चुका है। उधर, नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि बिजली विभाग ने नाली में बिजली का खंभा लगा दिया है और इसमें बारिश आने पर कचरा फंस जाता है। इस कारण पानी पावर स्टेशन में घुस जाता है। लोगों ने कहा कि विभाग की गलती का खमियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।