शहर के राजबाग इलाके की रुस्तम कॉलोनी में पेयजल का संकट गहरा गया है। लोगों का कहना है कि पिछले छह महीनों से लोग पानी की कमी की समस्या से जूझ रहे हैं। दैनिक जीवन और बुनियादी ज़रूरतें प्रभावित हो रही हैं। इससे लोगों में आक्रोश है।
कॉलोनी के निवासियों ने कहा कि संबंधित विभाग से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ज़हूर अहमद ने कहा कि उनके इलाके में पिछले छह महीने से पानी की आपूर्ति सही से नहीं हो रही है जिससे रोजाना के कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ज़हूर का आरोप है कि आस-पास के होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को तो निर्बाध पानी की आपूर्ति मिलती है, लेकिन कॉलोनी के घरों की उपेक्षा की जा रही है। वहीं बशीर अहमद ने कहा कि जल आपूर्ति ठीक नहीं होने से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा हमारे इलाके के लिए एक अलग शंट लाइन दी जाए, ताकि नियमित और निष्पक्ष जल वितरण सुनिश्चित हो सके।
गौरतलब है कि जल शक्ति विभाग कश्मीर के मुख्य अभियंता ताज चौधरी ने इस मुद्दे को स्वीकार किया और कहा कि निवासियों की मांग जायज है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है और जल्द से जल्द इसका समाधान किया जाएगा। मुख्य अभियंता ने बताया कि 74वें संविधान संशोधन के अनुसार जल शक्ति प्रभागों के कई कार्य और जिम्मेदारियां शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को हस्तांतरित कर दी गई हैं। इस बीच जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता ने पुष्टि की कि उन्होंने इलाके का दौरा किया और स्थिति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी जायज है और आश्वासन दिया कि पूरे इलाके को दो दिनों के भीतर राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी और विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि काम शुरू होते ही रुस्तम कॉलोनी में पानी का संकट दूर हो जाएगा।