उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हुए हमले की साजिश में शामिल एक फाइनेंसर के खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है।
आतंकियों को फाइनेंस करने वाले लश्कर के ओवर ग्राउंड वर्कर आसिफ हुसैन उर्फ उबैदा की गिरफ्तारी के लिए एनआईए ने अदालत से वारंट हासिल किया है।
आरोप है कि आसिफ ने ही आतंकियों को धन मुहैया करवाने के साथ उनके लिए अन्य व्यवस्था की थी। वारंट हासिल करने के बाद एनआईए की टीम कश्मीर घाटी के लिए रवाना हो गई है।
हमले में गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब सहित छह का न्यायिक रिमांड 12 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है।
नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने इस मामले में पकड़े लश्कर के छह आतंकियों को एनआईए की विशेष अदालत के जज वाईपी कोतवाल की अदालत में पेश किया और उनकी न्यायिक रिमांड अवधि बढ़ाने की अपील की थी।
एनआईए के आवेदन पर विचार करने के बाद अदालत ने मोहम्मद नावेद, खुर्शीद अहमद भट, शौकत अहमद भट, शाबजार अहमद भट, फैयाज अहमद इट्टू और खुर्शीद अहमद को 22 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में कोट भलवाल जेल भेज दिया।