रियासी। प्रदेश सहित जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते प्रशासन सख्त हो गया है। रविवार को जिला मजिस्ट्रेट ट्वीट कर चेतावनी दी है कि नगर के सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क के घूमने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सनद रहे कि अनलॉक 2.0 के तहत मिली छूट का लोग गलत फायदा उठाने लगे हैं। जहां सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है वहीं लोग एक-दूसरे से सट कर खरीदारी कर कोरोना के संक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके साथ ही मास्क भी नहीं पहन रहे हैं। लोगों की शिकायतों के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने कड़ी कार्रवाई का मन बनाया है। रविवार को ट्वीट कर जहां लोगों को बिना मास्क के बाजार निकलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है वहीं अधिकारियों को भी निर्देशों का सख्ती से पालन करवाने की हिदायत दी है।