सांबा। कस्बे के वार्ड नौ में ऐतिहासिक तालाब जर्जर हालत में होने पर स्थानीय लोगों में रोष है।
पूर्व पार्षद नरेंद्र सिंह, रंधीर कुमार व राहुल संब्याल ने कहा कि उनके वार्ड में एक ऐतिहासिक तालाब है। बुजुर्ग बताते थे कि कभी इस तालाब से लोग पीने के लिए पानी का उपयोग करते थे। तालाब की मरम्मत के लिए किसी ने कोई प्रयास नहीं किया। एक बार चार लाख के बजट की योजना बनाई थी। उसके बाद सब कुछ अधर में है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से अमृत सरोवर बनाए जाने के लिए मुहिम चलाई थी। तब भी इस तालाब का विकास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उक्त तालाब कस्बे की चार मंडियों के साथ जुड़ा हुआ है। लोगों ने मांग उठाई कि उक्त तालाब का विकास करवाया जाए ताकि लोग तालाब के पानी को उपयोग में ला सकें। वार्ड नौ में भगवान जगन्नाथ का ऐतिहासिक मंदिर है, जो क्षेत्र में अकेला मंदिर है। इससे वार्ड को जाना जाता है।
बाक्स
कस्बे के तालाब की अमृत सरोवर के लिए योजना बना कर केंद्र सरकार को भेजी है। बजट उपलब्ध होने पर उक्त तालाब का विकास करवाया जाएगा।
-जोध राज
सीईओ नगर परिषद सांबा