अरनिया। कोऑपरेटिव विभाग आरएस पुरा की तरफ से व्यासपुर कोऑपरेटिव सोसाइटी का पुनः जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए टेंडर निकाला गया है। सलैहड़ के ठेकेदार पवन कुमार द्वारा 18 लाख रुपए से इसका निर्माण कार्य नए सिरे से किया जाना है। इसमें एक गोदाम और सोसाइटी के सदस्यों के लिए दफ्तर बनाया जाना है। निर्माण कार्य 31 मार्च से पहले मुकम्मल किया जाना है।
कोऑपरेटिव सोसाइटी व्यासपुर वर्ष 1994 से बंद पड़ी हुई थी, जिसे किसी प्रयोग में नहीं लाया जा रहा था। बंद पड़ी कोऑपरेटिव सोसाइटी शराबियों का अड्डा बन गई थी। वर्ष 1965 से कोऑपरेटिव सोसाइटी लोगों को सीधा फायदा पहुंचा रही थी। सोसाइटी लोगों को कम ब्याज पर खाद मिट्टी का तेल फसल की ट्रेडिंग घर बनाने के लिए लोन और अन्य सुविधा मुहैया करवाती थी। इसके बंद हो जाने से ग्रामीणों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य मुकम्मल होने के बाद ग्रामीणों को सीएफसी, किसान समृद्धि योजना केंद्र, प्रधानमंत्री जन औषधि कार्यालय, साइबर कैफे, राशन की आपूर्ति का फायदा मिलेगा। सोसाइटी कम ब्याज दर पर लोगों को लोन भी मुहैया करवाएगी। इससे लोग अपना स्टार्टअप स्थापित कर सकते हैं।
इस मौके पर कोऑपरेटिव सोसाइटी विभाग आरएस पुरा के असिस्टेंट रजिस्ट्रार करण गुप्ता ने बताया कि कोऑपरेटिव सोसाइटी व्यासपुर को नए सिरे से बनाने का टेंडर कर दिया गया है। कुछ ही दिनों में उसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य मुकम्मल होने के बाद कोऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा लोगों के हित के लिए कार्य किए जाएंगे। कोऑपरेटिव सोसाइटी ब्यासपुर के अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने बताया कि कोऑपरेटिव सोसाइटी का निर्माण कार्य पूरा होने से लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।