सांबा। नगर परिषद की ओर से कस्बे से डोर टू डोर कचरा उठाने के लिए निजी कंपनी को ठेका दिया गया है। इसका कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है। इसके लिए उपायुक्त सांबा अभिषेक शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर वाहनों को रवाना किया।
इस अवसर पर नप के सीईओ अमित चौधरी भी प्रमुख रूप से मौजूद थे। डोर टू डोर कचरा उठाने से कस्बे को साफ सुथरा रखने में मदद मिलेगी। वहीं कस्बे में गंदगी के डंपिग स्टेशन से भी लोगों को राहत मिलेगी।
नगर परिषद के 17 वार्ड में 5200 घर और 25 हजार जनसंख्या है। कस्बे के बाजारों में 450 से अधिक दुकानें हैं। नप के सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने पर हर रोज साफ सफाई नहीं होने से लोगों को भी परेशानी बनी रहती थी। सूत्रों के अनुसार प्रत्येक घर से 100 रुपये व दुकानदारों से कचरे के हिसाब से चार्ज किया जाएगा।
कोट
लोगों की पुरानी मांग थी कि कस्बे में साफ सफाई सुचारू रखी जाए, लेकिन हर रोज सफाई नहीं होने से लोग भी परेशान थे। डोर टू डोर कचरा उठाने के कार्य से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
-अजय सिंह, स्थानीय दुकानदार सांबा
कोट
नगर परिषद के नए वार्डों में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल रहता है। सफाई कर्मचारी भी वहां नही पहुंचते हैं। ऐसे में डोर टू डोर कचरा उठाने से नए वार्डों में सफाई सुचारू रूप से होगी।
-रघुवीर सिंह, स्थानीय निवासी सांबा।
कस्बे के बन तालाब क्षेत्र में गंदगी का डंपिंग स्टेशन बना रखा था आसपास के लोगों का जीना मुहाल हो रहा था। नप को परेशानी बताने के बावजूद भी कोई समाधान नही किया गया। अब डोर टू डोर कचरा उठाने से लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी।
-अमन गुप्ता, स्थानीय निवासी सांबा
कस्बे के 17 वार्ड की साफ सफाई के लिए 110 सफाई कर्मचारियों की जरूरत थी लेकिन 23 कर्मचारी ही थे। ऐसे में सभी वार्डों को साफ सुथरा रखा पाना मुश्किल था, फिर भी पूरे प्रयास किए गए थे। अब इस योजना से कस्बे को सुंदर बनाया जा सकेगा।
-पवन कोहली, निवर्तमान अध्यक्ष नप सांबा।
एक सप्ताह तक प्रत्येक वार्ड में डोर टू डोर कचरे के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि अपने अपने घरों के बाहर कचरा जमा रखें। वाहन आएगा और कचरा उसमें ही फेंकें। कस्बे के सभी 17 वार्डों से कचरा उठाया जाएगा।
-अमित चौधरी, सीईओ नगर परिषद सांबा।
स्वास्थ्य भारत मिशन के तहत ब्लाक स्तर पर पहले ही काम शुरू है। अब कस्बे में डोर टू डोर कचरा उठाने का सिस्टम शुरू किया गया है। हर वार्ड, हर गली व हर घर से कचरा उठाया जाएगा। इसके लिए दो डस्टबिन लगाएं। गीला कचरा अलग व सूखा कचरा अलग रखें। यह प्रयास हमें हर रोज करना होगा ताकि अपने कस्बे को साफ सुथरा व सुंदर बनाया जा सके।
-अभिषेक शर्मा, उपायुक्त सांबा