आरएस पुरा उप जिले में अभी तक कई मतदाताओं को वोटर कार्ड नहीं मिल सके हैं। कई वोटरों के नाम सूची में गलत छपे हैं। लोगों ने इन्हें जल्द सही कराने की मांग की है। कसबे के वार्ड नंबर पांच के नरेश कुमार का कहना है कि उन्होंने एक साल पहले उन्होंने मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। लेकिन अभी तक सूची में उनका नाम नहीं आया है।
इसी प्रकार वार्ड सात के अजीत सिंह का कहना है कि मतदाता सूची में पत्नी का नाम गलत छपा है। इसे सही नहीं किया गया है। मरालिया पंचायत के गांव कृष्णा नगर की रुचि डोगरा, सुरेंद्र सिंह का कहना है कि तीन साल पहले मतदाता पहचानपत्र बनवाने के लिए फोटो आदि कागजात दे दिए गए थे। इसके बावजूद अभी तक मतदाता पहचानपत्र नहीं मिला है। बीएलओ को पूछे जाने पर कहा जाता है कि अभी तक छपकर नहीं आए हैं।
लोकसभा के चुनाव में भी उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ा था। अब भी वही स्थिति बनी हुई है। इस बारे में एसडीएम आरएस पुरा का कहना है कि जिन मतदाताओं के पहचानपत्र नहीं मिले हैं, उन्हें शीघ्र ही मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नौ नवंबर को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने और इसे ठीक कराने के लिए हर गांव में शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने ऐसे लोगों को फार्म नंबर छह भरने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बीएलओ गांव में नहीं पहुंचता है तो इसकी उन्हें सूचना दी जाए।