रियासत में पहले चरण के चुनाव के तहत आज मतदान हो रहा है। ठंड के बावजूद लोग वोटिंग करने के लिए भारी तादात में घरों से निकल रहे हैं। 15 सीटों पर होने वाले मतदान में 10.61 लाख मतदाता 123 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। आज शाम तक लद्दाख की चार, कश्मीर की पांच और जम्मू की छह सीटों पर भाग्य आजमा रहे 123 प्रत्याशियों की तकदीर ईवीएम में कैद हो जाएगी।
मतदान प्रक्रिया में किसी तरह का खलल न पड़ सके और लोगों शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कर सकें इसके लिए सभी 15 सीटों के लिए बनाए गए 1787 मतदान केंद्रों पर रियासत पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के करीब 30 हजार जवानों को तैनात किया गया है।
चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक सभी मतदान केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा ने कहा कि चुनाव के पहले चरण के लिए सेना की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
2008 में हुए विधानसभा चुनाव में पहले चरण की इन 15 सीटों में से सात सीटें नेशनल कांफ्रेंस, छह सीटें कांग्रेस, एक सीट पीडीपी और एक निर्दलीय के खाते में गई थी। पहले चरण में अब्दुल मजीद वानी, मोहम्मद अकबर लोन, नवांग रिगझिन जोरा, सज्जाद अहमद किचलू, मियां अल्ताफ, वकार रसूल, गुलाम मोहम्मद सरूरी, कमर अली आखून और मोहम्मद शरीफ नियाज की प्रतिष्ठा दाव पर है।