मध्य कश्मीर के जिले बड़गाम में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भारी हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। जानकारी के मुताबिक बड़गाम जिले में हुए इन प्रदर्शनों के बाद से ही इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बड़गाम जिले में हुई हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने भीड़ की शक्ल में सुरक्षाबलों पर पथराव किया। इस दौरान लोगों ने सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स रेजीमेंट की एक गाड़ी पर भी पथराव किया जिसके बाद बेकाबू भीड़ को काबू में करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले दागे गए और हवाई फायरिंग की गई।
बीरवाह इलाके में तनाव के बीच हुई फायरिंग में एक स्थानीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। हिंसक प्रदर्शनों के चलते कश्मीर में शुक्रवार को आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा है।