श्रीनगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान हिंसा में हुई मौतों के खिलाफ घाटी के कई इलाकाें में हिंसक प्रदर्शन हुए। अलगाववादियाें के बंद के दौरान सुरक्षा बलों पर पथराव किया गया। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। हिंसक प्रदर्शनों में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस बीच बंद से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
बंद के दौरान दक्षिणी कश्मीर और बडगाम व श्रीनगर के कई इलाकों में प्रदर्शन हुए। इस दौरान सुरक्षा बलों पर पत्थर बरसाए गए। हालात को काबू करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच काफी देर तक झड़पें होती रहीं। इससे तनाव की स्थिति बनी रही। अलगाववादियों के बंद के आह्वान पर श्रीनगर तथा आस पास के इलाकों में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।