कश्मीर के बड़गाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में श्रीनगर के नौहट्टा इलाके के पनदान मोहल्ले के सज्जाद के मारे जाने के बाद राजधानी के पुराने शहर में हालात बिगड़ने की आशंका में पाबंदियां लगा दी गईं। इसके साथ ही भीड़ में शामिल लोगों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।
पेलेट गन का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार पाबंदियां तोड़कर भी दो हजार से अधिक लोग शामिल हुए। भीड़ को तितर-बितर किया गया। हिंसा की आशंका में श्रीनगर के रैनावारी, खानयार, नौहट्टा, एमआर गंज और सफाकदल थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले इलाकों में पाबंदियां लगाई गई हैं।
एहतियातन मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। हिज्ब आतंकी आकिब गुल को गोरीपोरा में दफनाया गया और उसके जनाजे में भारी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इस दौरान देश विरोधी नारेबाजी की गई और पाकिस्तानी झंडे लहराए गए। इस बीच जावेद शेख को चुरपोरा में दफनाया गया।