श्रीनगर के साथ ही गांदरबल व सोपोर में पत्थरबाजी
- फोटो : बासित जरगर
अंसार गज्वातुल हिंद के आतंकी जाकिर मूसा के मारे जाने के पांच दिन बाद जब घाटी में हायर सेकेंडरी स्कूल व कालेज खुले तो मंगलवार को हिंसा भड़क उठी। श्रीनगर के साथ ही गांदरबल व सोपोर में डिग्री कालेज के छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा बलों पर पथराव किया। सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागकर स्थिति को काबू करने की कोशिश की। इससे काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
श्रीनगर के डाउनटाउन के हवाल इलाके में स्थित इस्लामिया कॉलेज और गांदरबल डिग्री कॉलेज के छात्रों द्वारा प्रदर्शन किया गया। छात्र वहां पहले से तैनात सुरक्षा बलों के साथ भिड़े और उन पर पत्थरबाजी की। इस बीच कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे।
काफी देर तक चली इस भिड़ंत को काफी मशक्कत के बाद काबू में कर पाया गया। सोपोर में भी छात्रों ने कॉलेज में तोड़फोड़ की। वहां से गुजर रहे वाहनों पर पथराव किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को खदेड़ा।
मंगलवार को भी दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा, अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम जिले में सभी हायर सेकेंडरी स्कूल और डिग्री कॉलेज बंद रहे। हालांकि, बाकी जनजीवन सामान्य रहा। रेल सेवा भी चालू रही, लेकिन कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया था। श्रीनगर के अमर सिंह कॉलेज को भी बंद रखा गया क्योंकि छात्रों ने सोमवार को पत्थरबाजी की थी।