पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन करने से नियंत्रण रेखा पर रहने वाले लोग सहमे हुए हैं। गोलाबारी से लोगों को भारी नुकसान नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में इन लोगों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया जाए। लोगों को पक्के बंकर भी बनवाए जाए।
मंगलवार को नौशेरा सब डिवीजन के कलसियां गांव का दौरा करने पर पाया गया कि लोग डरे सहमे अपने घरों में दुबके पड़े हैं। गिरदारी लाल, सीताराम, मोहिंद्र लाल, राज कुमार आदि ने बताया कि रविवार और सोमवार को पाक द्वारा की गई गोलाबारी में उनका बहुत नुकसान हुआ है।
पाक द्वारा दागे गए मोर्टार शेलों से उनके दर्जनों पशु भी घायल हुए हैं। गोलीबारी के डर से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस समस्या का हल नहीं निकाला गया तो वह लोग गांव छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे।