अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बीते 22 दिन में नगर क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने 130 जगहों पर दबिश दी। इस दौरान 13 बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई हुई। विभाग की ओर से इन पर बिजली चोरी का मुकद्दमा दर्ज करने की संस्तुति की गई। इस दौरान बकाएदारों से करीब 9.70 लाख रुपये की वसूली भी की गई। विजिलेंस टीम के आगमन की सूचना से बिजली उपभोक्ताओं में खलबली मची रही।
बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए शहर में स्मार्ट मीटर लगवाने का काम चल रहा है। इस दौरान स्मार्ट लगने के बाद ज्यादा बिल आने को लेकर धरना प्रदर्शन भी हो रहे हैं। इस बीच बिजली विभाग ऐसे लोगों की धरपकड़ तेज कर दी है, जो सरचार्ज योजना के तहत बकाया बिल जमा करने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस क्रम में विभाग के अधिकारियों के साथ विजिलेंस टीम ने 13 विद्युत चोरी के मामले पकड़े। सभी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए प्रति माह के अंत में टीम की ओर से रिपोर्ट दी जाएगी।
विजिलेंस टीम ने शहर की कैनाल रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, गांधी नगर, गुरुनानक नगर, पीर खो आदि क्षेत्रों में करीब 130 घरों और संस्थानों पर कार्रवाई की थी। यहां पर अवैध रूप से कई कनेक्शन चलते हुए पाए गए। जांच के दौरान में 9.70 लाख की बकाया वसूली भी हुई। एक्सईएन रमन राठौर का कहना है कि ये ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनकी बिजली काटी जा चुकी है। इसके बाद भी बिजली इस्तेमाल करते पकड़े गए।