उत्सव के रूप में मनाया गया महाराजा का जन्मदिवस, तीन जिलों में 25 से अधिक स्थानों पर हुए कार्यक्रम
सांबा में अमर क्षत्रिय राजपूत सभा ने किया हवन, रैली भी निकाली
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पूरे प्रदेश की भांति सांबा और आसपास के कस्बों में शनिवार को महाराजा हरि सिंह के जन्मदिवस को एक उत्सव के रूप में मनाया गया। इसे लेकर आरएस पुरा, अरनिया, बिश्नाह, रामगढ़, विजयपुर, अखनूर के अलावा राजोरी और पुंछ में भी करीब 25 स्थानों पर कार्यक्रम हुए। लोगों ने महाराजा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, कई स्थानों पर रैलियां निकलीं, झांकियों का आयोजन हुआ और लोगों ने केट काटकर महाराजा का जन्मदिन मनाया। इस दौरान महाराजा अमर रहें के नारे गूंजते रहे।
सांबा में मुख्य कार्यक्रम अमर क्षत्रिय राजपूत सभा की ओर से वीरभूमि पार्क में हुआ। राजपूत भवन में हवन हुआ। बिरादरी के सदस्यों ने हवन में आहुतियां डाली। बाद में एक रैली निकाली गई जो मुख्य बस अड्डे से शुरू होकर बुधवानी, मंडी संगवाली, मंडी थलोरा, चोहाटा चौक, लिंक मार्ग से होते हुए सभा स्थल पर संपन्न हुई। वहां महाराजा की प्रतिमा पर फूल अर्पित किए गए। सभा स्थल पर वक्ताओं ने महाराजा की जीवनी पर प्रकाश डाला। सभा के जिला प्रधान कैप्टन इंदर सिंह ने महाराजा के बारे में जानकारी दी। वहीं, सभा के पूर्व प्रदेश प्रधान कुंवर नारायण सिंह ने भी महाराजा की जीवनी पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कर्ण सिंह, राकेश सिंह, रविन्द्र सिंह, सुक्रीब सिंह, मोहन सिंह, लक्की सिंह, एसएसपी बेनाम तोश, अतिरिक्त एसपी सुरिंदर चौधरी, एडवोकेट केडी सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे। उधर, महाराजा हरि सिंह चौक पर सवर्ण सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में महाराजा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर अजात शत्रु सिंह, हप्पु सिंह भी उपस्थित थे। ऐतिहासिक किले में युवा राजपूत सभा के सदस्य बाबर सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर चंद्र उदय सिंह के अतिरिक्त युवा सदस्य भी उपस्थित थे।