जम्मू-कश्मीर के शोपियां में पुलिसकर्मियों के एक महिला से हाथापाई करने का मामला प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया पर 15 सेकेंड का वीडियो वायरल होने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। इसमें दो पुलिसकर्मी शनिवार की रात शोपियां के एक गांव में एक महिला से हाथापाई करते दिख रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार वीडियो की जांच की जा रही है और इस संबंध में पुलिसकर्मियों के व्यवहार की जांच के आदेश दिए गए हैं। बताया कि पुलिसकर्मी रमीज खान नाम के एक व्यक्ति के घर एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले की जांच करने गए थे। पुलिस को शिकायत मिली थी कि उसकी 15 वर्षीय बेटी को शोपियां में तीन लोगों रमीज खान, मोहसिन खान और सलीम खान ने अगवा कर लिया है।
पुलिस दल ने आरोपी के घर लड़की का पता लगाने कि लिए छापा मारा, जहां उन्हें दो आरोपी मोहसिन खान और सलीम खान मिले। आरोपी के घर के लोगों ने खासतौर पर महिलाओं ने पुलिस को अपना काम करने से रोका। इसी दौरान आरोपी भाग निकले। यह घटना उस समय हुई जब पुलिसकर्मी एक गंभीर अपराध की जांच कर रहे थे।