श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके खुशीपोरा में 26 नवंबर को सेना पर हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी कश्मीर घाटी में सामने आए नए आतंकी संगठन पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट (पीएएफएफ) ने ली है। साथ ही सेना के साथ काम करने वाले स्थानीय लोगों को भी धमकी दी गई है।
आतंकी हमले का एक वीडियो शनिवार को वायरल हुआ है। इस हमले में सेना के दो जवान शहीद हुए थे। वायरल एक मिनट 52 सेकंड के वीडियो को आतंकी के बॉडी कैम से शूट किया गया है जिसमें यह पता चलता है कि आतंकियों ने एक दम नजदीक से जवानों पर गोलियां चलाई।
वीडियो में एक हमलावर फायरिंग करता भी दिख रहा है और दूसरे आतंकी को कश्मीरी भाषा में कवर फायर देने के लिए कह रहा है। इससे यह पता चल रहा है कि हमलावर कश्मीरी थे। दोनों जवानों को आतंकियों ने एकदम नजदीक से गोली मारी और फरार हो गए।
वीडियो में जो हथियार दिखाए गए हैं वह अक्सर जैश आतंकियों द्वारा प्रयोग में लाए जाते हैं। हमले वाले दिन आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने भी हमले के पीछे जैश या लश्कर का हाथ होने की आशंका जताई थी। बता दें कि इससे पहले बारामुला के क्रीरी में सीआरपीएफ क्र्तीरी में हमले का भी वीडियो पीएएफएफ ने जारी किया था।