अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. मनोज धर ने सोमवार को विश्वविद्यालय के डीन, रेक्टर, निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जूम पर एक बैठक की। इस दौरान प्रो. धर ने बताया कि विश्वविद्यालय ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई सक्रिय कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और एमएचआरडी / यूजीसी द्वारा जारी सभी आदेशों को विश्वविद्यालय ने लागू कर दिया थीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के संकाय वर्चुअल क्लासरूम, ई-लर्निंग मोड के माध्यम से ऑनलाइन सबक प्रदान करने और अपने छात्रों और स्कॉलरों के अध्ययन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सामाजिक मीडिया प्लेटफार्मों का उपयोग करके इस दौरान विद्यार्थियों को नुकसान नहीं होने दे रहे। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे छात्रों के लाभ के लिए भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा निर्धारित अन्य ऑनलाइन प्लेटफार्मों का भी उपयोग करें। बैठक में प्रो. धर ने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा उठाए जाने वाले विभिन्न कदमों पर सुझाव मांगे। सदस्यों ने कई उपयोगी सुझाव दिए और वीसी ने अन्य सहयोगियों से सलाह लेकर अपने संबंधित विभागों / कार्यालयों के लिए व्यापक योजनाएं बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह होने वाली बैठकों की एक श्रृंखला में, विश्वविद्यालय अंतिम रूप देगा और एक रोडमैप विकसित करेगा और सभी हितधारकों और नागरिक समाज को विधिवत सूचित किया जाएगा।