कोरोना महामारी या फिर अन्य किसी वजह से मां वैष्णो के दरबार नहीं पहुंच पा रहे श्रद्धालुओं के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने व्यक्तिगत ऑनलाइन पूजन की सुविधा शुरू की है। श्राइन बोर्ड ने पूजा और प्रसाद के पैकेज बुकिंग पैकेज जारी कर दिए हैं।
घर बैठे श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर पूजा के लिए आवेदन करना होगा। नाम रजिस्टर करवाने के बाद ऑनलाइन पूजा होगी। पुजारी बाकायदा पंजीकृत श्रद्धालु (परिवार से अधिकतम पांच) का नाम लेकर मां वैष्णो का पूजन संपन्न करवाएंगे। ए-श्रेणी की पूजा बुक करवाने वाले श्रद्धालु को बोर्ड की ओर से 72 घंटे में प्रसाद की होम डिलीवरी होगी।
श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार के अनुसार सुविधाओं की सारी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। श्रेणी-ए में 2,100 रुपये का पैकेज व्यक्तिगत पूजन के लिए है। इसके तहत पूजा उस व्यक्ति के नाम से की जाएगी, जिसके नाम पर वह रजिस्टर कराई गई है। पूजा किसी भी दिन कराई जा सकती है।
पूजा और प्रसाद के लिए बुकिंग वेबसाइट पर की जा सकती है। इसके लिए 500 रुपये, 1,100 रुपये और 2,100 रुपये के तीन पैकेज उपलब्ध हैं। किसी श्रद्धालु द्वारा बुकिंग किए जाने पर परिवार के नाम पर पूजा की जाएगी और प्रसाद पैक कर दिया जाएगा। बोर्ड ने डाक विभाग के साथ 72 घंटे के भीतर इसे श्रद्धालु के पते पर भेजने की व्यवस्था की है।