देश के 100 स्मार्ट शहरों में चार रियासत के होंगे। इनमें जम्मू तथा कश्मीर संभाग के दो-दो शहर शामिल हैं। केंद्र की ओर से जम्मू संभाग के जम्मू एवं मां वैष्णो देवी धाम कटड़ा तथा कश्मीर के श्रीनगर एवं अनंतनाग शहर को चिह्नित किया गया है। हालांकि, कटड़ा के स्मार्ट शहर बनने पर संशय है।
दिल्ली में 25 और 26 जून को स्मार्ट शहरों को लेकर होने वाले सेमिनार के दौरान प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी स्मार्ट शहरों के नामों की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठक में रियासत के इन चार शहरों को स्मार्ट सिटी घोषित करने पर सहमति बनी थी।
इस बैठक में डिप्टी सीएम डॉ. निर्मल सिंह के नेतृत्व में मंत्रियों का एक दल शामिल हुआ था। हालांकि, बाद में केंद्र सरकार की ओर से कराए गए सर्वे में स्मार्ट सिटी के लिए तय मानकों में कटड़ा खरा नहीं उतर पाया। इस वजह से फिलहाल इसकी स्मार्ट सिटी के रूप में घोषणा लटक सकती है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि वे दिल्ली में 25 एवं 26 को होेने वाले सेमिनार में शामिल होंगे। केंद्र ने तीन शहरों को स्मार्ट सिटी घोषित करने को सिद्धांतत: मंजूरी दे दी है। घोषणा के साथ ही इन शहरों का कायाकल्प होगा। सभी प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाएं इन शहरों में उपलब्ध होंगी।