भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर वीरवार को लद्दाख की पहली यात्रा पर लेह पहुंच गए। श्रीनगर से उन्होंने सीधे लेह का रुख किया, हालांकि मौसम खराब होने की वजह से उनका विमान तय समय से देरी पर उड़ा। लेह पहुंचने पर गोर सीधे होटल पहुंचे। अलबत्ता आखिरी समय पर तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से 21 अगस्त को प्रस्तावित उनकी मुलाकात स्थगित कर दी गई है।
गोर की यात्रा के मद्देनजर लेह में सुरक्षा बंदोबस्त काफी कड़े किए गए हैं। गोर के दौरे पर दुनिया भर की नजरें लगी हैं। खास तौर पर कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण अंग बताए जाने संबंधी बयान के बाद पाकिस्तान भी इस दौरे पर नजर रखे हुए है। लद्दाख की सीमाएं चीन के साथ ही पाकिस्तान से भी लगती हैं। इसे देखते हुए गोर का दौरा सुरक्षा हालात पर विमर्श के नजरिये से भी अहम माना जा रहा है।
उधर, लद्दाख पहुंचने पर अधिकारियों ने सर्जियो गोर की अगवानी की। वे वाहनों के काफिले के बीच जंस्कर और सिंधु नदियों के संगम पर भी पहुंचे। यहां उन्होंने रिवर राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। गोर के इस दौरे से लद्दाख में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें कि भारत में अमेरिकी राजदूत का पद संभालने के बाद गोर की यह पहली लद्दाख यात्रा है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जबकि क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
लद्दाख में बढ़ा पर्यटन
लद्दाख के पर्यटन क्षेत्र में इजाफा देखा गया है। बीते जून और जुलाई में यह संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर गई है। केंद्र शासित प्रदेश में इस साल जनवरी से जुलाई तक 3,30,332 पर्यटक आए थे, जो 2025 के पूरे कैलेंडर वर्ष के दौरान दर्ज किए गए कुल 3,35,872 पर्यटकों की संख्या का 98.35 प्रतिशत हैं। वहीं, अकेले इस जून और जुलाई में 2.12 लाख से अधिक पर्यटकों ने लद्दाख का दौरा किया है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में भी दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है।