केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बैंकों से कर्ज लेकर न चुकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि वह बैंक से कर्ज लेकर नहीं चुकाएंगे, वह संभल जाएं। वित्तमंत्री जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि आगामी बजट में जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए विशेष ख्याल रखा जाएगा। केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है। युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए केंद्र ने कई अभियान चलाए हैं। इसका सभी को फायदा उठाना चाहिए। मंगलवार को जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने महिला उद्यमियों से भी मुलाकात की।
विज्ञापन
वसूली जरूर होगी, चाहें वह दुनिया में कही भी चले जाए
उन्होंने बैंकों से कर्ज लेकर न चुकाने वालों को चेतावनी दी। कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि वह बैंक से कर्ज लेकर नहीं चुकाएंगे, वह संभल जाएं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। कर्ज न चुकाने वाले दुनिया के किसी भी कौने में भी चले जाएं, सरकार उनसे वसूली करके ही रहेगी। सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जम्मू-कश्मीर को एक विकसित प्रदेश के रूप में देखना चाहते है और उनके इस सपने को पूरा करने के लिए केंद्र हर संभव सहयोग करेगा।
विश्वविद्यालय मैदान में लगे प्रदर्शनी का अवलोकन किया
इससे पहले उन्होंने विश्वविद्यालय मैदान में लगे प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्थानीय महिला उद्यमियों से विस्तार से बात की। केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं से स्थानीय प्रोडक्टों समेत अर्थव्यवस्था को लेकर चर्चा भी की। क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में भाग लेने से पहले उद्यमियों से वुडक्राफ्ट, अगरबत्ती निर्माण, एनीमेशन, डेयरी उत्पाद, पश्मीना शॉल समेत अन्य चीजों को लेकर भी जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के लिए केंद्र सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं इसका सभी को फायदा उठाना चाहिए।
विज्ञापन
जनरल जोरावर सिंह सभागार में हुए कार्यक्रम में लिया भाग
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण जम्मू में कई उद्योगपतियों और कारोबारियों से मिली। इसमें अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद उपजे हालात और कोविड परिस्थितियों से प्रभावित हुए कारोबार पर वित्तमंत्री का ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कई मांगों को भी उनके समक्ष रखा जाएगा।