- गुरनाम और बोबिया पोस्ट पर पहुंचेंगे शाह, सभी लिंक मार्ग सील, हाईवे पर भी बढ़ाई निगरानी
- सांबा शहर के साथ सीमावर्ती इलाकों में दिनभर चलाया गया तलाशी अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को कठुआ जिले का दौरा करेंगे। शाह हीरानगर सेक्टर में गुरनाम और बोबिया पोस्ट पर जाकर सीमा पर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेंगे।
गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सांबा में भी चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी है। कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े सभी लिंक मार्गों को सील कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, गृहमंत्री का यह दौरा सीमा सुरक्षा और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से बेहद अहम है। सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। वीरवार को सांबा में सुरक्षा एजेंसियों ने विभिन्न इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है। सेना के चाॅपर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। सीमावर्ती क्षेत्रों में बहने वाले नदी-नालों के आसपास बीएसएफ जवानों को तैनात किया गया है। रात्रि नाके भी बढ़ाए गए हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है।