संसद में बजट पेश करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लिए बड़ा एलान किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि लेह में केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। साथ ही देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल भी खोले जाएंगे, देश भर में 15 हजार आदर्श स्कूल खोले जाएंगे। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में गैस पाइपलाइन योजना की शुरुआत होगी।
विज्ञापन
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एलान किया कि देश में बेहतर रोजगार के लिए कौशल विकास एवं प्रशिक्षण के दृष्टिकोण से युवाओं को तैयार करने के लिए नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम शुरू की जाएगी। वहीं, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत अन्य परियोजनाओं को शामिल किया जाएगा।
निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत हायर एजुकेशन कमीशन का गठन किया गया है। यह देश में उच्च शिक्षा का एकमात्र नियामक होगा। 2019 के बजट में नेशनल रिसर्च फाउंडेशन खोलने की घोषणा की गई थी। अब 2021-22 के बजट में इसके लिए अगले पांच साल के लिए 50 हजार करोड़ की व्यवस्था की जा रही है ताकि देशभर में अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा सके।