सांबा। बाड़ी ब्राह्मणा के सरोर अड्डा क्षेत्र में देर रात शिवालया कंस्ट्रक्शन निर्माण कंपनी की साइट पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर वहां तोड़फोड़ की और कंपनी के सामान और वाहन को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी सुधीर सिंह निवासी हरियाणा द्वारा बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कार्रवाई है। शिकायत में बताया कि सरोर अड्डा स्थित परियोजना स्थल पर 13 सितंबर की रात आसपास रहने वाले कुछ अज्ञात स्थानीय गुज्जरों के एक समूह ने हमला कर उनकी कंपनी की सामग्री को नुकसान पहुंचाया। हमलावरों ने लोहे की छड़ें, सीसीटीवी कैमरे, लाइटें और कंपनी का एक वाहन के साथ तोड़फोड़ की और सुरक्षा गार्डों पर पथराव किया।
मंगलवार को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सरोर अड्डा में गुज्जरों के रिहायशी कुल्लों पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान नायब तहसीलदार बाड़ी ब्राह्मणा की उपस्थिति में चलाया गया। छापेमारी के दौरान गुज्जरों के रिहायशी परिसरों से कुछ स्टील की छड़ें बरामद की गईं। हालांकि किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है। बरामद स्टील की छड़ें सरोर अड्डा में शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंप दिया और बरामद अन्य सामान को जब्त कर थाने लाया गया।