कार्यक्रम में मौजूद महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
केंद्रीय प्रायोजित उन्नत ज्योति एलईडी फार हाल (उजाला) योजना को रियासत जम्मू-कश्मीर में रविवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह और विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता की मौजूदगी में लांच किया।
योजना के अंतर्गत रियासत के 16 लाख पंजीकृत बिजली उपभोक्ताओं को प्रति कनेक्शन पांच एलईडी बल्ब (बीस रुपये प्रति एलईडी) के हिसाब से दिए जाएंगे।
जम्मू कन्वेंशन सेंटर में बिजली विभाग और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में योजना लांच करने के उपरांत मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमीनी स्तर से उठे व्यक्ति हैं। उन्हें पता है बिजली की बचत कर देश को तरक्की की राह पर कैसे अग्रसर करना है।
उन्होंने कहा, बिजली तैयार करने में बहुत राशि खर्च होती है। इसलिए बिजली तैयार करने से ज्यादा जरूरी बिजली की बचत करना है। गर्मी के मौसम में जम्मू और सर्दी के मौसम में कश्मीर में बिजली की परेशानी आती है। बिजली चोरी भी होती है। सिस्टम को पूरी तरह से सुधारने में समय लगेगा। उन्होंने योजना को शिक्षा केंद्रों और अस्पतालों से शुरू करने को कहा।