भद्रवाह के एक मकान में लगी आग को बुझाते स्थानीय लोग।
भद्रवाह। वासुकी देहरा मोहल्ले में सोमवार दोपहर मकान में आग लग गई। इसमें हजारों का सामान जल गया। आसपास के लोगों ने सेना और पुलिस कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की।
वासुकी देहरा निवासी ठाकुर लाल के मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक आग लगने के बाद तेजी से फैलने लगी। भयंकर लपटों ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी जद में ले लिया। ऊपरी मंजिल से धुआं उठता देख आसपास के लोग घटना स्थल पर जमा हो गए। उन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया तब तक उसने पड़ोस के अन्य मकानों को भी अपने चपेट में ले लिया। इस कारण पड़ोस के अन्य मकान की ऊपरी मंजिल भी आग लग गई। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन दमकल कर्मियों के न पहुंचने के बाद स्थानीय युवकों ने भयंकर लपटों की परवाह किए बिना मकानों की छतों पर चढ़कर पानी डालना शुरू कर दिया। कुछ युवक जान जोखिम में डालकर उस मकान की छत पर चढ़ गए। उन्होंने तीन घंटे तक आग की भयंकर लपटों से संघर्ष कर आग पर काबू पा लिया। तब तक मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जल गई। अंदर रखा सामान पूरी तहत जल गया। लोगों ने मशक्कत कर अन्य मकानों को जलने से बचा लिया गया। जब लोगों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया तब दमकल वाहन पहुंचा। इससे लोगों में आक्रोश है। पैंथर्स पार्टी के जिला प्रधान नीरज सिंह मनहास ने कहा कि फायर ब्रिगेड का दफ्तार घटना स्थल से मात्र तीन सौ मीटर दूर है। तीन घंटे तक फायर ब्रिगेड का कही अता पता नहीं था। उन्होंने इसकी जांच की मांग की। एडीसी भद्रवाह डा. राजेन्द्र खजूरिया ने बताया कि फायर बिग्रेड क्यों नहीं पहुंची इसके जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तहसीलदार की अगुवाई में एसडीपीओ, एसएचओ और बीडीओ सात दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट देंगे। उधर, किश्तवाड़ के सरथल इलाके में भी आग लगने से एक घर में रखा सामान जल गया।