दोमाना। उदयवाला लेन-5 पर वीरवार देर रात कार सवार चार युवकों ने रामबन निवासी एक चालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव में आकर पीड़ित को हमलावरों से छुड़ाया। घायल को उपजिला अस्पताल मढ़ में भर्ती करवाया गया है, जिसकी पहचान बुद्धि सिंह निवासी रामबन जो हाल में पुरानी मंडी जम्मू में रह रहा है। पीड़ित के परिजनों ने पौनीचक पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि चारों आरोपी फरार हैं, जिनकी अभी पहचान भी नहीं हो पाई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वीरवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह उदयवाला में अपने मालिक के घर काम कर रहा था। घर के गेट के बाहर से सामान अंदर रख रहा था। इस दौरान कार (जेके02बीक्यू 8030) में आए चार युवक गाली-गलौज करने लगे। जब उन्हें रोका तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। पत्थर से उसके सिर पर वार किए, जिससे उसे चोटें आई हैं। सिर पर छह टांके लगे हैं। पौनीचक चौकी में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद