दो बार आतंकी हमला झेलने वाले सुंजवां मिलिट्री स्टेशन पर रविवार दोपहर एक बार फिर से तनावपूर्ण माहौल बन गया। गेट पर तैनात जवानों ने बी गेट पर पहुंच गए दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। जवानों ने युवकों से पूछताछ की परंतु वह अपने बारे में स्पष्ट नहीं बता पाए। तलाशी पर एक युवक के वोटर कार्ड और आधार कार्ड पर अलग-अलग नाम सामने आया। इससे जवानों को शक हुआ और उन्होंने युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। यह वाक्या दोपहर करीब सबा एक बजे का है।
बताया जाता है कि जिस युवक के कार्डों पर अलग-अलग नाम हैं, उसने खुद को आरिक अहमद वानी बताया है। वोटर कार्ड पर आरिक वानी छपा है जबकि आधार कार्ड पर उसका नाम अरक अहमद है। जिसके माता पिता का नाम गुलाम अहमद और शमीमा बेगम है। इसके अलावा दूसरे युवक का नाम मुकेश कुमार है। यह दोनों रामबन के घड़ी राजगढ़ के रहने वाले हैं। मुकेश जम्मू में लेबर का काम करता है। मुकेश ने ही आरिक को जम्मू अपने साथ काम करने के लिए बुलाया।
छन्नी पुलिस स्टेशन के एसएचओ मोहम्मद असलम ने बताया कि, दोनों युवकों का कोई क्रिमिनल रिकार्ड नहीं मिला है। दोनों युवक हिरासत में हैं। रामबन पुलिस से जानकारी साझा की गई है। वहां इनका कोई संदिग्ध रिकार्ड नहीं हुआ तो दोनों को छोड़ दिया जाएगा।