प्रतीतात्मक फोटो
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र के नूरपुरा इलाके में मंगलवार की शाम सेना की दो टीमों के बीच गलतफहमी में हुई गोलीबारी में दो जवानों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
दोनों टीमों ने आतंकियों के शक में एक-दूसरे पर ओपन फायर कर दिया। सेना के प्रवक्ता कर्नल बृजेश पांडेय ने दो जवानों की जान जाने की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि दो घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 42 राष्ट्रीय रायफल्स की एक टीम नूरपुरा इलाके के एक बगीचे में आतंकियों की सूचना पर सर्च आपरेशन चला रही थी। इसी दौरान एक पेट्रोलिंग पार्टी उधर से गुजरी। आतंकियों के शक में सर्च आपरेशन चला रही टीम को लगा कि पेट्रोलिंग पार्टी में आतंकी शामिल हैं।
इस पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। उधर, आतंकियों की ओर से फायरिंग किए जाने के अंदेशा में पेट्रोलिंग पार्टी ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।
इसमें दो जवानों की मौत हो गई। सूत्रों का कहना है कि हिज्ब के आतंकी बुरहान के क्षेत्र में होने की सूचना पर राष्ट्रीय रायफल्स की टीम ने क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाया था।