अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने भुक्की की बड़ी खेप बरामद की है। जालंधर और कश्मीर के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो मुख्य रूप से भुक्की की खरीद-फरोख्त करते हैं। शहर के नरवाल इलाके में एएनटीएफ की टीम ने ट्रक से 830 किलो भुक्की बरामद की। यह कश्मीर से पंजाब लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक (जेके18ए 0425) के साथ पंजाब के जालंधर के रहने वाले जसविंदर सिंह और कश्मीर पुलवामा निवासी नजील कादिर गिरफ्तार किए गए।
फिल्लौर में दबिश, दो रिसीवर दबोचे
पूछताछ में पता चला कि पंजाब के फिल्लौर के हरविंदर सिंह और दिग्विजय सिंह रिसीवर हैं। दोनों कश्मीर से खेप लेते हैं और आगे बेचते हैं। इसके बाद एएनटीएफ की टीम ने जालंधर में छापा मारकर दोनों को पकड़ लिया। एएनटीएफ के एसपी विनय शर्मा का कहना है - अब दो ऐसे लोग पकड़े गए हैं, जो कश्मीर से नशे की खेप लेकर पंजाब बेच देते हैं।