माउंट एवरेस्ट फतह करनेवाले फलील सिंह और नजीर अहमद
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू कश्मीर पुलिस के दो जांबाज जवानों नजीर अहमद और फलील सिंह ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह किया है। यह दोनों इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड टीम के 11 सदस्यीय दल के सदस्य हैं। दोनों जवानों की इस सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल सत्यपाल मलिक, राज्यपाल के सलाहकार विजय कुमार, मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रह्मण्यम व पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह समेत कई लोगों ने बधाई दी है।
नजीर अहमद 14वीं बटालियन में तैनात हैं। वह कुपवाड़ा का निवासी हैं। जबकि फलील सिंह आईआरपी (इंडियन रिजर्व पुलिस) की पहली बटालियन में तैनात हैं। वह राजोरी का रहने वाला है। दोनों ने 2004 में जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग और विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम से पर्वतारोहण का बुनियादी प्रशिक्षण लिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर अपने बधाई संदेश में लिखा ‘ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की टीम को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने पर बहुत-बहुत बधाई। मुझे इस टीम में शामिल सभी की सदस्यों की सफलता पर गर्व है और मैं इनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।’
25 मार्च को रवाना हुआ था दल
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अहमद और सिंह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, हमें तुम पर गर्व है। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने 25 मार्च को दल के इन सदस्यों को यहां से रवाना किया था।