जम्मू के सतवारी थाना क्षेत्र के फ्लाय मंडाल पुलिस पोस्ट के सामने काले रंग के एक संदिग्ध बैग से सोमवार देर रात एक-एक किलो की दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइज (आईईडी) बरामद की गई। आशंका है कि यह आईईडी सीमा पार से ड्रोन के जरिये गिराई गई थी। इसे दूसरे स्थान तक पहुंचाया जाना था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की नजर पड़ गई। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों का कहना है कि यह बैग पुलिस पोस्ट के पास एक खाली पड़े प्लॉट में पाया गया। शाम को पुलिस पोस्ट की पेट्रोलिंग पार्टी ने गश्त के दौरान संदिग्ध बैग को देखा। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर आवाजाही रोक दी गई। तकनीकी टीम को संदिग्ध बैग की जांच के लिए बुलाया गया। जांच में पाया गया कि इसमें दो आईईडी रखी गई थी।
एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि देर शाम फ्लाय मंडाल पुलिस पोस्ट की पेट्रोलिंग पार्टी ने संदिग्ध बैग को देखा। इसके बाद उच्चाधिकारियों को जानकारी देते हुए पूरे इलाके को घेर लिया गया। ज्ञात हो कि एक सप्ताह पहले सिदड़ा इलाके में एक तेल टैंकर में छिपाकर ले जाए जा रहे हथियारों के साथ जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल ये आतंकी पुलिस की रिमांड पर हैं।