तवी में आया उफान अभी सामान्य भी नहीं हुआ था कि ठेकेदारों ने काम करवाना
शुरू कर दिया। इस बात का जरा सा भी ध्यान नहीं रखा गया कि अभी हालात
नियंत्रण में नहीं हैं। नतीजतन किशोर और महिला की मलबे में दबकर दर्दनाक
मौत हो गई। शुक्रवार को तवी में स्टोर क्रशर के पास खोदे गड्ढे में वह
दोनों काम कर रहे थे।
इसी दौरान मलबा आ गिरा। गड्ढे में दोनों करीब पांच
मिनट तक फंसे रहे और दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में मूलरूप से
छतरपुर मध्यप्रदेश निवासी राज कुमार (16) और सुनीता देवी (33) की मौके पर
ही मौत हो गई। दोनों संजय नगर जम्मू में किराये के मकानों में रह रहे थे।
पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया और परिवार के सदस्यों के
हवाले कर दिए।
स्टोर क्रशर के मालिक रायपुर सतवारी निवासी लाल चंद के खिलाफ
धारा 304-ए के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना
शुक्रवार ग्यारह बजे के करीब हुई। अन्य मजदूरों के साथ राजकुमार और सुनीता
भी काम पर लगे थे। तवी नदी में गड्ढा खोदा गया था, जिसमें राज कुमार और
सुनीता को उतारकर काम करवाया जा रहा था। एक दिन पहले ही तवी में उफान में
आया था।
इससे मिट्टी नरम थी। काम के दौरान काफी मलबा दोनों पर आ गिरा। अन्य
मजदूरों ने दोनों को निकालने का प्रयास किया। इसमें तकरीबन पांच मिनट लग
गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। जब तक दोनों को बाहर निकाला गया उनकी मौत
हो चुकी थी। मौके पर काफी भीड़ जुट गई थी।
तवी में बहाव सामान्य होने का इंतजार
तवी में वीरवार को आए उफान से बरपे
कहर से हालात अभी तक सामान्य नहीं हो सके हैं। शुक्रवार को भी पानी का
बहाव काफी तेज था, जिसके कारण तवी के बीचोबीच पलटे डंपरों को सीधा नहीं
किया जा सका है। पानी के सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। यही नहीं,
तवी में निर्माणाधीन स्थल के पास रखे लोहे के बड़े-बड़े पाइप भी तेज बहाव
के कारण दो सौ मीटर दूर जा पहुंचे थे।
शुक्रवार को दिन में जब एकतरफ
से पानी कहीं-कहीं पर कम हुआ, तो वहां पर निर्माण कार्य में लोगों को लगा
दिया गया। कृत्रिम झील के पास रखे लोहे की भारी-भरकम पाइप पानी के तेज
बहाव से निर्माण स्थल से दो सौ मीटर दूर तक बह गए थे, जिन्हें वापस लाने के
लिए मुलाजिमों को लगाया गया था। यह काम कने में मजदूरों को काफी वक्त लग
गया। पानी में फंसे डंपरों को बाहर निकालने के लिए पानी के शांत होने का
इंतजार किया जा रहा है।
हालांकि, दिन के समय एक जेसीबी पानी में
उतारी गई थी, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण डंपरों को सीधा
नहीं किया जा सका। डंपरों में पत्थर और पानी भरा हुआ है। अभी और कुछ घंटों
इंतजार करना पड़ सकता है।