सांबा के सैन्य क्षेत्र से सटे बूचड़ी इलाके में रविवार सुबह 6:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान बंटू डोगरा निवासी हिमाचल प्रदेश व शुभम श्रीवास्तव निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। घायल व्यक्ति की पहचान राकेश कुमार निवासी बिलावर कठुआ के रूप हुई है।
जानकारी अनुसार, तीनों युवक कार नंबर जेके 02 बीके 2963 में सवार थे, जो एक शादी समारोह में हिस्सा लेकर वापस लौट रहे थे कि अचानक सांबा के सैन्य क्षेत्र के साथ सटे बुचरी इलाके में इनकी कार एक खड़े गैस टैंकर से टकराई गई, जिसके चलते दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार टैंकर के नीचे बुरी तरह से फंस गई। शवों को निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने घायल युवक को सांबा के जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों के शवों को सांबा के जिला अस्पताल के शव गृह पहुंचा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।