सांबा। जिला पुलिस ने थाना घगवाल और थाना सांबा के अधिकार क्षेत्र में तीन अलग-अलग पशु तस्करी के प्रयासों को विफल कर दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। 12 पशुओं को बचाया गया और तीन वाहनों को जब्त किया।
पुलिस के अनुसार कि थाना घगवाल की पुलिस पार्टी ने टपयाल हाइवे पर जांच के दौरान ऑटो लोड कैरियर (जेके02डीसी-5704) को जांच के लिए रोका। वाहन कठुआ की ओर से आ रहा था। जांच में दो पशु पाए गए जो क्रूर तरीके से बंधे हुए थे। इन्हें बिना वैध अनुमति के अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पशु तस्करों की पहचान मंजीत सिंह निवासी सिंबल मोड़़ तहसील आरएस पुरा जिला जम्मू और वीर लाल निवासी मोखे़ तहसील सुचेतगढ़़ जिला जम्मू के रूप में हुई है।
एक अन्य मामले में प्रभारी पुलिस चौकी सपवाल के नेतृत्व में टीम ने सपवाल में सांबा की ओर से आ रहे एक वाहन महिंद्रा लोड कैरियर को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर बाडियां के पास वाहन को रोका। जांच में इसमें पांच पशु लदे मिले। इन्हें बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। हालांकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इसके अलावा सुंब के पास गश्त के दौरान एक वाहन महिंद्रा लोड कैरियर को रोका, जो सांबा की ओर जा रहा था। जांच के दौरान पांच पशु लदे मिले। इन्हें भी बिना किसी अनुमति के ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले दायर कर वाहन जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।