जम्मू। समर जोन में बारहवीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षा में मुख्य विषयों की परीक्षा आज से शुरू होगी। सोमवार को साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और होम साइंस के बच्चों का अंग्रेजी विषय का पेपर होगा। परीक्षा में कुल 44 हजार 920 परीक्षार्थी बैठेंगे। इनके लिए 514 केंद्र बनाए गए हैं।
12वीं की परीक्षा 29 अप्रैल तक चलेगी। वहीं मंगलवार को दसवीं के परीक्षार्थियों का भी इंग्लिश का पेपर होगा। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के बीच शुरू हुई परीक्षा का सफल आयोजन करवाना बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती होगा। कोविड एसओपी का पालन करवाने के लिए बोर्ड ने विशेष इंतजाम किया हैं। जिन स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं उन्हें सैनिटाइज किया गया है। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को फेस मास्क पहनना और हैंड सैनिटाइजर साथ लाना अनिवार्य रखा गया है। जम्मू जिले में 204 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। सामाजिक दूरी के नियमों के पालन के लिए40 विद्यार्थियों की क्षमता वाले क्लासरूम में 12 विद्यार्थियों को ही बिठाया जाएगा।
---
तय शेड्यूल से ही होंगी परीक्षाएं
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रशासनिक सचिव बीके सिंह ने आदेश जारी कर कहा कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा तय शेड्यूल से ही होंगी। परीक्षाओं के आयोजन को लेकर पहले ही एसओपी जारी की गई है।