दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकी हमले के दौरान शहीद हुए सेना के जवानों को शुक्रवार को अंतिम विदाई दी गई। श्रीनगर के बादामीबाग कैंटोन्मेंट में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत समेत सेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों नें जवानों को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के मुताबिक सेना के जवानों को अंतिम विदाई देने के लिए सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत श्रीनगर पहुंचे। बादामी बाग कैंटोन्मेंट में सेना के जवानों सिपाही विकास सिंह निवासी गुर्जर, राजस्थान, सप्पर श्रीजीत एम जे निवासी पलक्कड़, केरल और लांस नायक गुलाम मोहिउद्दीन निवासी बिजबेहड़ा अनंतनाग जम्मू-कश्मीर को श्रद्धांजलि दी गई।
श्रद्धांजलि के दौरान सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत समेत कई अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए। सेना के अधिकारियों के साथ साथ कई अन्य जवानों ने भी शहीद हुए जांबाज साथियों को नम आंखों और आतंक के खिलाफ गुस्से के साथ अंतिम विदाई दी।