जम्मू। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तीन टॉप पुलिस अफसरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। सीआईडी प्रमुख पद पर नियुक्त डॉ. बी श्रीनिवासन को हटाकर उनकी जगह आरआर स्वैन को नियुक्त किया गया है। स्वैन 15 साल बाद प्रदेश में लौटे हैं। श्रीनिवासन को अब कमांडेंट जनरल होमगार्ड व डिजास्टर फोर्स बनाया गया है। वे फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज का भी काम देखेंगे। इसके साथ ही दीपक कुमार को पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के एमडी का दायित्व सौंपा गया है। वे एडीजी रेलवे का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
श्रीनिवासन को 2018 में प्रदेश इंटेलीजेंस ग्रिड को मजबूत करने के लिए प्रदेश में लाया गया। उन्होंने 2010 में जब घाटी में पत्थरबाजी चरम पर थी तो सीआईडी की जिम्मेदारी संभाली थी। मुफ्ती मोहम्मद सईद ने मुख्यमंत्री बनने के बाद 2015 में उन्हें पद से हटा दिया था। वे केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर एसएसबी में चले गए थे। बाद में उन्हें कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर दोबारा लाया गया। 2018 में सितंबर के बाद जब उन्होंने कार्यभार संभाला तो 85 स्थानीय व 28 विदेशी आतंकी उस साल मार गिराए गए। 2019 में 123 स्थानीय व 31 विदेशी, 2020 में 81 स्थानीय व चार विदेशी आतंकियों का सफाया किया गया। जम्मू-कश्मीर सीआईडी विभाग ने ही सबसे पहले केंद्र को जानकारी दी थी कि भारी तादाद में तब्लीगी ए जमात के सदस्य निजामुद्दीन स्थित मुख्यालय में मौजूद हैं।