बलात्कार मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा राम रहीम के कोर्ट में दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा और पंजाब में हालत बिगड़ने से जम्मू और कटड़ा में फंसे यात्रियों की संख्या बढ़कर 50 हजार के पार हो गई है। जम्मू और कटड़ा से चलने वालीं 18 ट्रेनें शनिवार को भी रवाना नहीं हुईं। वहीं शनिवार को पूजा एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस और जम्मूतवी सियालदाह एक्सप्रेस को रवाना किए जाने की सूचना जारी की गई है।
दो दिन से जम्मू और कटड़ा में फंसे यात्रियों का हाल बेहाल है। शनिवार को कटड़ा में कोई ट्रेन नहीं पहुंची। इसके चलते श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की कतारें छोटी हो गई हैं। जम्मू-कश्मीर स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (जेकेएसआरटीसी) की बसें, प्राइवेट बसें और टैक्सी दिल्ली की ओर नहीं गईं। हवाई टिकट भी उपलब्ध न होने से यात्री बुरी तरह परेशान हैं।
नॉर्दर्न रेलवे की ट्रेनें बंद होने के पहले दिन करीब 35 हजार यात्री फंसे थे। दूसरे दिन अब करीब 50 हजार यात्री यहां फंसे हैं। यहां से निकलने के साधन नहीं हैं। जम्मू से पंजाब-हरियाणा होकर जाने वाली सभी बसें जालंधर तक ही जा रही हैं। प्राइवेट बस संचालकों की बसें बंद हैं। टैक्सी चालक भी पंजाब और हरियाणा की ओर नहीं जा रहे हैं।
जम्मू से निकलने का कोई साधन न होने से यात्री स्टेशन के प्लेटफार्मों, होटल, धर्मशाला, फुटपाथ पर रात गुजार रहे हैं। जम्मू में फंसे सबसे अधिक यात्री यूपी के हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कोलकाता, कन्याकुमारी, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु आदि राज्यों के यात्री भी घर जाने को परेशान हैं। कुछ यात्रियों को स्टेशन पर रुके 60 से 70 घंटे हो गए हैं। सीनियर डिवीजनल कामर्शियल मैनेजर मोनू लूथरा ने स्टेशन प्रशासन के निर्देश दिया है कि यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश हैं।