आरएस पुरा। भारत-पाकिस्तान सीमांत क्षेत्र के सटे युवा सेना में भर्ती होने के लिए सुबह व शाम सत्तोवाली के मैदान में कड़ा अभ्यास कर प्रशिक्षण ले रहे हैं।
सेना में अग्निवीर योजना लागू होने पर अभ्यास करने के लिए युवाओं में पहले वाला जोश नहीं रहा लेकिन अब पाकिस्तान के साथ हुए संघर्ष के बाद एक बार फिर युवाओं में सेना में भर्ती होने की भावना पैदा होने पर प्रशिक्षण लेते देखा जा सकता है। इन युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे सेवानिवृत्त कैप्टन शेर सिंह ने कहा कि अग्निवीर योजना लागू होने पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या कम हुई थी लेकिन गत दिनों पाकिस्तान के साथ हुए संघर्ष के बाद युवाओं में देश के प्रति कुछ करने के जज्बे के चलते अब अधिक गर्म मौसम में भी युवा मैदान में पहुंच कर कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। शेर सिंह ने कहा वह अन्य युवा वर्ग के लोगों को भी यह संदेश देना चाहते हैं कि चाहे कुछ भी हो जाए, वे देश की रक्षा के लिए तैयार रहें। सेवानिवृत्त कैप्टन शेर सिंह ने कहा कि वह युवा बच्चों को कोचिंग दे रहे हैं। इन युवाओं का एक ही लक्ष्य है सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा करना और अग्रिम मोर्चे पर जाकर देश की रक्षा करना।