जम्मू। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण निकायों को आत्म निर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने सरपंचों को प्रशिक्षण देना शुरू किया है। इसके लिए अन्य राज्यों में प्रचलित प्रणाली का अध्ययन करने तथा प्रशिक्षण लेने के लिए प्रदेश के 33 सरपंचों के दल को देहरादून भेजा गया है। ग्रामीण विकास विभाग की सचिव शीतल नंदा ने हरी झंडी दिखाकर सरपंचों को रविवार को रवाना किया। यह दल 14 से 19 दिसंबर तक पांच दिन वहां प्रशिक्षण हासिल करेगा।
सरपंचों का यह दल वेस्ट मैनेजमेंट, अपने आय के साधन सृजित करने, बजट तैयार करने, मनरेगा का बजट बनाने समेत अन्य विषयों में वहां प्रचलित प्रणाली के बारे में जानकारी हासिल करेगा। पंचायती राज निदेशक राकेश सारंगल ने बताया कि पंचायतों को मजबूत करना सरकार का उद्देश्य है। मजबूती केवल आधारभूत ढांचाओं के विकास से नहीं, बल्कि सामाजिक आर्थिक रूप से भी पंचायतों को सशक्त बनाना मकसद है।