श्रीनगर/अनंतनाग। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद तीन महीने से अधिक समय तक कश्मीर घाटी में बंद रेल सेवाएं रविवार को पूरी तरह से बहाल हो गईं। रेलगाड़ी दक्षिण कश्मीर के रास्ते श्रीनगर से बनिहाल के लिए रवाना हुई। सुरक्षा कारणों से रेल सेवा तीन महीनों से अधिक समय तक बंद रही।
ट्रेन बनिहाल पहुंचने से पहले श्रीनगर स्टेशन और दक्षिण कश्मीर के स्टेशनों से होकर गुजरी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि घाटी में रेल सेवा रविवार सुबह पूरी तरह से बहाल हो गई और ट्रेन बारामुला से बनिहाल के बीच चली। रेलवे ने रेल सेवा शुरू करने से पहले श्रीनगर-बनिहाल मार्ग पर शनिवार को दो बार ट्रायल रन किया था और रविवार की सुबह ट्रेन का एक और परीक्षण किया गया। रेल सेवा मंगलवार को श्रीनगर से बारामुला के बीच आंशिक रूप से शुरू हुई थी। सुरक्षा कारणों से सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक ही ट्रेनों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने और पूर्ववर्ती राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने संबंधी केन्द्र की घोषणा से पहले तीन अगस्त को सुरक्षा कारणों से कश्मीर घाटी में ट्रेन सेवाओं को रोक दिया गया था।
साप्ताहिक बाजार में उमड़ी भीड़
श्रीनगर में साप्ताहिक बाजार में लोगों की भारी भीड़ रही। शहर में कुछ मार्गों और घाटी के अन्य क्षेत्रों में कुछ मिनी बसों का संचालन शुरू हो गया। प्री-पेड मोबाइल फ ोन और सभी इंटरनेट सेवाएं गत पांच अगस्त से ही बाधित हैं।