- शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग दुरुस्त नहीं
- किसी तरफ 30 सेकेंड, तो कहीं डेढ़ मिनट तक वाहन चालकों को रुकना पड़ रहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाई गईं ट्रैफिक सिग्नल लाइट सही से काम नहीं कर रटीं। कहीं सिग्नल से नंबरिंग गायब है तो कहीं पर रेड-ग्रीन सिग्नल होने का लंबा इंतजार करना पड़ता है। जानकारी के अनुसार शहर के होटल एशिया चौक के पास सिग्नल की टाइमिंग ही गायब है। एक तरफ से वाहन गुजरते रहते हैं, तो दूसरी तरफ से अचानक सिग्नल बदल हो जाता है। इससे हादसे होने की आशंका बनी रहती है। यही हाल ग्रीन बेल्ट पार्क चौक के पास का है। यहां पर सिग्नल बंद हो चुका है। यदि चलता भी है तो टाइमिंग ही बंद रहती है। लास्ट मोड़ चौक से भी सिग्नल की टाइमिंग गायब है। सतवारी चौक पर एयरपोर्ट की तरफ से सतवारी की तरफ रेड सिग्नल की टाइमिंग एक से डेढ़ मिनट की है। बिक्रम चौक से एयरपोर्ट की तरफ भी इतने ही मिनट की। जबकि दोनों तरफ ग्रीन सिग्नल का समय 30 से 40 सेकेंड के बीच है। यातायात पुलिस के एसएसपी फैजल कुरेशी का कहना है कि यह जिम्मेदारी नगर निगम की है।
बता दें कि नगर निगम ने शहर के 40 चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाई हैं। अब तो स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल हैं। इनकी निगरानी के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस लाइन दोनों जगहों पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से उक्त चौक-चौराहों पर वाहनों की निगरानी की जाती है। लेकिन इसकी तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है कि सिग्नल की टाइमिंग खराब है और इसकी वजह से वाहन चालकों व यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर इंटेलिजेंट कैमरे लगाए गए हैं। हेलमेट न पहनने पर स्मार्ट कैमरों से चालान काटकर वाहन चालकों को तो भेज दिया जाता है, लेकिन सिग्नल की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा।