रामगढ़। सीमावर्ती सेक्टर रामगढ़ के मुख्य बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के कारण रोजाना यातायात जाम हो रहा है। अब सवाल यह उठता है कि इस जाम से छुटकारा कब मिलेगा। क्षेत्रवासी किरण कुमार, अक्षित, सन्नी चौधरी, सोनी शर्मा, विनोद कुमार, अशोक कुमार, राज कुमार, हैपी आदि का कहना है कि यात्री व निजी वाहन चालक जाम की समस्या से जूझते नजर आते हैं। प्रशासन, नगर परिषद व पुलिस अनजान बनी है। राजनीतिक दबाव के चलते अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने से कतराता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार जाम के लिए स्थानीय दुकानदार जिम्मेदार हैं। वे सामान दुकानों के बाहर लगा देते हैं। कुछ दुकानदारों ने दुकानों के आगे रेहड़ियां, फड़ियां लगवा रखी है, जिनसे वे किराया वसूलते हैं। यही वजह है कि दिन प्रतिदिन अतिक्रमण बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन व संबंधित विभागों का ध्यान इस ओर दिलाते हुए समस्या के समाधान की मांग की है। संवाद