आरएस पुरा। म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सतपाल पप्पी की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। इसमें कस्बे की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में एसडीपीओ सीमा एन. कस्बा मुख्य अतिथि रहीं। चेयरमैन ने कहा कि कस्बे के मुख्य बाजार में यातायात गंभीर समस्या बनती जा रही है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गत वर्ष पुलिस द्वारा बाजार में गाड़ियों के आने पर एक तरफा पाबंदी लगाई गई थी, जिससे कुछ हद तक लोगों को ट्रैफिक समस्या से राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से वाहनों की आवाजाही बाजार में शुरू हो चुकी है। इस कारण जाम जैसी स्थिति बनने पर अब राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल बना है। उन्होंने प्रशासन ने आग्रह करते हुए कहा कि आरएस पुरा उपजिले को अपराध मुक्त बनाने हेतु पुलिस जवानों की कस्बे में गश्त बढ़ाने के साथ क्षेत्र में नशे के खिलाफ भी पुलिस असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुहिम चलाकर इस पर नियंत्रण करे।
एसडीपीओ (आइपीएस) शीमा एन. कस्बा ने कहा कि कस्बे में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से सख्ती के साथ हरसंभव कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ ने कहा कि नशों के खिलाफ पुलिस विभाग की तरफ से पहले ही कई अभियान छेड़े हुए हैं और पुलिस विभाग को इसमें सफलता भी हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि वार्ड के पार्षदों की भी जिम्मेदारी बनती है कि उनके क्षेत्र में अगर इस तरह की कोई घटना सामने आती है तो वह तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचना दें और जल्द ही हर एक वार्ड में नशों के खिलाफ लोगों को जागरूक करे।
इस अवसर पर उप चेयरमैन राकेश गुप्ता, पार्षद किशोर शर्मा, अशोक शर्मा, अंजू बाला, देवो रानी, नितिका चोपड़ा, चांद छाबड़ा, तीर्थ सिंह, दयाराम तथा अंजू बाला भी मौजूद रहे।