जम्मू-कश्मीर के रामबन में डिगडोल क्षेत्र में मलबे को हटाने के साथ ही चौथे दिन मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया। पिछले तीन दिनों से हाईवे के विभिन्न हिस्सों में फंसे हजारों वाहनों को निकाला गया। इससे देर शाम तक कई जगह जाम की स्थिति रही। खराब मौसम के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रभावित होता रहा है।
राजोरी और पुंछ जिले को दक्षिण कश्मीर के शोपियां से जोड़ने वाले मुगल रोड पर बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन मंगलवार सातवें दिन भी राजमार्ग को खोलने में सफलता नहीं मिल पाई। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 14 नवंबर की रात से 16 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर और कारगिल के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं, जिससे हाईवे पर दोबारा यातायात व्यवस्था बिगड़ सकती है।
राजमार्ग खुलने से हजारों लोगों ने ली राहत की सांस
मंगलवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने से हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। सर्दी के कारण हाईवे पर फंसे ट्रक चालकों की दिक्कतें बढ़ गई थीं। घाटी की ओर जाने वाली खाद्य आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा था। हाईवे खुलने पर देर शाम तक दोनों तरफ से वाहनों को भेजा जा रहा था।