-भगवती नगर पुल पर एक ट्यूब से ही हल्के वाहनों की आवाजाही, वेयर हाउस की तरफ रास्ता बंद
-बेलीचराना, वेयर हाउस, ज्वेल, बिक्रम चौक, सतवारी, तालाब तिल्लो, शक्तिनगर की आबादी प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आगामी त्योहारी सीजन में भी शहर के एक बड़े हिस्से को जाम से निजात नहीं मिलने वाली है। बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए भगवती नगर तवी पुल के एक ही हिस्से से हल्के वाहनों की आवाजाही की जा रही है। यहां सेना की ओर से बनाए गए बेली ब्रिज (अस्थायी लोहे का पुल) के एक तरफ से वेयर हाउस की तरफ आने वाला रास्ता अभी बंद रखा गया है। इससे दोनों तरफ से लाखों की आबादी प्रभावित हो रही है।
पुल पर पूरी तरह से यातायात बहाल नहीं होने से बेलीचराना, कैनाल हेड, ज्वेल चौक, बिक्रम चौक, सतवारी, तालाब तिल्लो, शक्तिनगर आदि इलाकों में जाम की समस्या आम हो गई है। 26 अगस्त को भारी बारिश और बाढ़ के कारण भगवती नगर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद सेना के निर्मित पुल पर अभी हल्के वाहनों को ही चलाया जा रहा है। पुल से वेयर हाउस की तरफ वाहनों पर रोक लगाई गई है। तारबंदी के साथ बैरिकेड लगाए गए हैं। इसी तरह भगवती नगर पुल के उस पार अखनूर से आने वाले वाहन कैनाल हेड से गुजर रहे हैं, जिससे भारी जाम लग रहा है। कैनाल हेड से ज्वेल चौक के बीच साइंस काॅलेज, काॅमर्स काॅलेज, बीएड काॅलेज, कोचिंग सेंटर आदि के विद्यार्थियों की आवाजाही का भी लोड है। इसी तरह ज्वेल चौक पर रेशमघर, बीसी रोड, लोअर गुम्मट, इंदिरा चौक, तवी पुल आदि के वाहनों का लोड है जिससे चौतरफा वाहनों का जाम लग रहा है। नवरात्र, दशहरा, करवाचौथ, दिवाली आदि त्योहारों पर वाहनों का लोड बढ़ेगा।
भगवती नगर के लोगों की परेशानियां
भगवती नगर पुल बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच मिनट का सफर 25 मिनट में पूरा हो रहा है। हम प्रशासन से यही गुजारिश करते हैं कि जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए।
- राकेश चौधरी, स्थानीय निवासी
-
व्यापारियों और आम जनमानस के लिए यह पुल बहुत महत्वपू्र्ण है। इसके बंद होने के बाद भगवती नगर आने वाले राहगीरों को इन दिनों ज्वेल चौक से घूमकर आना पड़ रहा है। इससे वे जाम में फंसकर कई घंटों तक परेशान हो रहे हैं।
- साजिल, स्थानीय निवासी
-
पहले वेयर हाउस की तरफ से आने वाले बाइक सवारों को आने-जाने देते थे। वीरवार को उनकी आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। शायद सुरक्षा कारणों से पुल को बंद किया गया है। हम उम्मीद करते हैं कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
-मदन लाल, स्थानीय निवासी
-
पुल पर आवागमन बंद होने से बेलीचराना, सतवारी और गांधीनगर सहित इसके आसपास के इलाकों में जाने के लिए ही काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए भी काफी दूरी तय करनी पड़ रही है।
-संजय भट्ट, स्थानीय निवासी
भगवती नगर पुल के पुनर्निर्माण को लेकर उच्च स्तरीय बात हो रही है। अभी यह फाइनल नहीं किया गया है कि किस एजेंसी को काम सौंपा जाएगा।
- राजेश गुप्ता, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग